Thursday, March 29, 2012

महिला शक्तिकरण और उत्थान मंत्रालय....


नेता जी ने आज,
बहुत काम किया
महिलाओं के उत्थान पर
'जागो नारी' भाषण दिया,
ट्विटर पर ट्विट किया,
फेसबुक को फेस किया,
दस लाख फोलोवर बनाए
और ना जाने इस सन्दर्भ में
कितने पोस्ट छपवाए..
फिर....
एक विधवा आश्रम, एक कन्या अनाथालय
का उद्घाटन किया
दलित महिलाओं के उद्धार लिए
संसद में बहस किया,
'नारी तुम सबला हो' नामक बिल पेश किया..
अपनी पाँच हज़ार करोड़ की योजना,
सविस्तार बताई
आंकड़ों की फेहरिस्त दिखाई
अगले पाँच सालों में, 
पाँच लाख महिलाओं को
सबल बनाने की योजना बताई
काम का बड़ा बोझ है,
बेचारे मंत्री जी...
अब घर नहीं जा पाते हैं
पत्नी-बच्चों से अब वो बस फ़ोन पर बतियाते हैं, 
पिछले कई सालों से वो अपने
ऑफिस में रात बिताते हैं...
जहाँ हर रात, 
सुबह तक बलपूर्वक
'नारियों को सबल' बनाते हैं....!!!